ब्यूनस आयर्स| अर्जेंटीना के गवर्नर कार्लोस सोरिया की विधवा पत्नी को अपने पति की हत्या करने व हथियार रखने के मामले में आरोपी बनाया गया है।
सोरिया को नव वर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित पार्टी के बाद चेहरे में गोली मार दी गई थी। एक अधिकारी ने न्यायाधीश एमिलियो स्टेडलेर का हवाला देते हुए कहा कि अकेली सुसाना फ्रेडोज पर ही सोरिया की हत्या के आरोप लगे हैं।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार फ्रेडोज इस वक्त सिपोलीटी शहर के प्रांतीय अस्पताल की मनोरोग इकाई में भर्ती हैं।
न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि फ्रेडोज को उनके वकील अल्बटरे रिचिएरी के आग्रह पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अल्बटरे ने न्यायालय में कहा था कि उनकी मुवक्किल की जान को खतरा है क्योंकि वह आत्महत्या कर सकती है।
गौरतलब है कि सोरिया (61) की ब्यूनस आयर्स से 1,350 किलोमीटर की दूरी पर स्थित जनरल रोका के बाहरी ग्रामीण क्षेत्र में बने उनके निवास पर चेहरे के बाईं ओर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि हत्या करने के लिए सोरिया की पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया है।

