लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के निलंबित चार विधायकों ने शनिवार को पार्टी हाईकमान को चुनौती दे दी कि वह उन्हें निष्कासित करके दिखाएं। ये चारों विधायक पार्टी के निष्कासित नेता अमर सिंह के करीबी माने जाते हैं।
विधायक संदीप अग्रवाल ने लखनऊ से लगभग 250 किलोमीटर दूर अपने विधानसभा क्षेत्र, मुरादाबाद में संवाददाताओं को बताया, "हमने अमर सिंह और जयाप्रदा के पक्ष में खुलेआम अपनी आवाज बुलंद की है। दोनों नेताओं को निष्कासित किया जा चुका है, लेकिन उस तरह की कार्रवाई हमारे खिलाफ नहीं की गई है।"
अग्रवाल ने कहा, "इससे ऐसा लगता है कि पार्टी हमारे खिलाफ कार्रवाई करने में डर रही है। मैं अपने तीन साथियों की ओर से भी पार्टी को चुनौती देता हूं कि उसने जो कार्रवाई हमारे दो नेताओं के खिलाफ की है, वही कार्रवाई हमारे खिलाफ भी करके दिखाए।"
ज्ञात हो कि दो फरवरी को अमर सिंह और जयाप्रदा की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी गई थी, जबकि चार विधायकों (अशोक सिंह चंदेल, सर्वेश कुमार सिंह, मदन चौहान और संदीप अग्रवाल) को पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। इन चारों के बारे में यह घोषणा की गई थी कि जांच के बाद चारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अग्रवाल ने कहा, "इसमें जांच की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि जयाप्रदा जी को एक संवाददाता सम्मेलन में अमर सिंह के पक्ष में बोलने के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया तो उस दंड के हकदार हम भी हैं, क्योंकि उनके साथ संवाददाता सम्मेलन के दौरान हम भी मंच पर उपस्थित थे।"



इंग्लैंड
नीदरलैंड
जर्मनी
ऑस्ट्रेलिया

<< पिछला अगला >>