मुंबई: कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की मुंबई यात्रा के दौरान उन्हें काले झंडे दिखाने वाले तीन और फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बंगले मन्नत के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक शिवसेना विधायक की सुरक्षा तुरंत प्रभाव से वापस ले ली गई है।
महाराष्ट्र की कांग्रेस-एनसीपी सरकार ने रविंद्र वाईकर, बाला सावंत, विनोद घोसालकर और अनिल परब को दी गई पुलिस सुरक्षा वापस ले ली है। वाईकर, सावंत और घोसालकर ने जहां गांधी की मुंबई यात्रा के दौरान उन्हें काले झंडे दिखाये थे, वहीं परब ने फिल्म अभिनेता और इंडियन प्रीमियर लीग की कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के मालिक शाहरुख खान के पश्चिमी उपनगर बांद्रा स्थित बंगले मन्नत के बाहर प्रदर्शन किया था।
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने अपने कार्यकर्ताओं को राहुल को मुंबई यात्रा के दौरान काले झंडे दिखाने का आह्वान किया था क्योंकि वे गांधी के उस बयान से नाराज थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुंबई पर सभी भारतीयों का अधिकार है। दूसरी तरफ शाहरुख खान से शिवसेना के खफा होने का कारण उनकी आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न लिए जाने पर की गई टिप्पणी थी।



<< पिछला अगला >>