नई दिल्ली: उत्तर भारत में अनेक स्थानों पर भारी हिमपात और रातभर हुई बारिश के कारण हवाएं फिर से सर्द हो गयी हैं। उधर श्रीनगर.जम्मू के बीच तीन सौ किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग पर बर्फबारी के कारण जाम लग गया और 1100 से अधिक वाहन फंस गये।
कश्मीर घाटी के उंचे इलाकों में भारी हिमपात हुआ, वहीं मैदानी इलाकों में लगातार पांचवे दिन बारिश होती रही, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हुई।
उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में पिछले दो दिन में 74.4 मिलीमीटर बर्फ गिरी, वहीं दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 48.4 मिलीमीटर बर्फबारी हुई। श्रीनगर में 38.8 एमएम बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया।
कुपवाड़ा जिले के अनेक इलाके आपस में कट गये हैं और जिले के उंचे इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
श्रीनगर.जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग चौथे दिन भी बंद रहा। जिसके चलते कश्मीर घाटी और शेष राज्य के बीच संपर्क कट गया है।
यातायात विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि ओले पड़ने और भूस्खलन के चलते आज चौथे दिन जवाहर सुरंग-काजीगुंड, पंथाल और रामबन में राजमार्ग को बंद कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि बर्फबारी के कारण डेरा की गली इलाके में जम्मू..पुंछ राजमार्ग भी बाधित हुआ।
हिमाचल प्रदेश में बारिश से संबंधित अलग अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य जख्मी हो गया।




<< पिछला अगला >>