इस्लामाबाद: पाकिस्तानी तालिबान ने आज पुष्टि की कि उसका प्रमुख हकीमुल्ला महसूद अमेरिकी ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मारा गया है। इस पुष्टि के बाद कुछ सप्ताहों से हकीमुल्ला के जीवित होने को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग गया।
औरकजई कबायली इलाके के तालिबान सूत्रों ने टीवी समाचार चैनलों को बताया कि 28 वर्षीय महसूद 14 जनवरी को उत्तरी वजीरिस्तान के शक्तोई इलाके में अमेरिकी ड्रोन के हमले में बुरी तरह घायल हो गया था।
सूत्रों ने बताया कि महसूद को इलाज के लिए कराची ले जाया जा रहा था लेकिन उसने पंजाब प्रांत में मुल्तान शहर के समीप दम तोड़ दिया। उसके शव को वापस कबायली इलाके में ले जाया गया ।
बहरहाल, ऐसी भी खबरें हैं कि महसूद की मृत्यु करीब दो सप्ताह पूर्व हुई और उसे औरकजई एजेंसी में उसके ससुर के गांव में दफनाया गया ।
तहरीक ए तालिबान के प्रवक्ता आजम तारिक ने अब तक महसूद की मौत के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है । तारिक कहता रहा है कि महसूद जिंदा है और एक अज्ञात स्थान पर है।
तालिबान सूत्रों ने यह भी कहा कि कमांडर नूर जमाल उर्फ मौलाना तूफान को पाकिस्तानी तालिबान का नया प्रमुख बनाया गया है।
पाकिस्तानी और अमेरिकी सुरक्षा अधिकारी पिछले दो सप्ताहों से कह रहे थे कि उन्हें पूरा विश्वास है कि अमेरिकी ड्रोन हमले में घायल होने के बाद महसूद मारा गया है।



<< पिछला अगला >>