अबूधाबी: शेख जायेद स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में न्यू्जीलैंड की टीम ने पाकिस्तान को जीत के लिए 212 रनों की चुनौती दी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को पाकिस्तानी गेंदबाजों ने 46.3 ओवरों में 211 रनों पर समेट दिया।
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही थी। ब्रेंडन मैक्कुलम (76) और एरॉन रेडमंड ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। रेडमंड 21 रन बनाने के बाद उमर गुल की गेंद पर मोहम्मद आमेर के हाथों लपके गए। इसके बाद मार्टिन गुप्टिल ज्यादा देर नहीं टिक सके। वे आठ रन बनाकर सईद अजमल की गेंद पर यूनुस खान के हाथों लपके गए। उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 88 रन था।
गुप्टिल की विदाई के बाद मैक्कुलम और रॉस टेलर (44) ने तीसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़कर टीम को मजबूती देने की कोशिश की, लेकिन 138 रन के कुल स्कोर पर मैक्कुलम पेवेलियन लौट गए।
इसके बाद न्यूजीलैंड का कोई और बल्लेबाज टेलर का साथ नहीं दे सका। स्कॉट स्टायरिश (14) और कप्तान डेनियल विटोरी (15) ने संक्षिप्त पारियां खेली, लेकिन इससे न्यूजीलैंड टीम को कुछ खास फायदा नहीं हुआ।
इस बीच, अजमल ने अपनी फिरकी का जाल फेंकते हुए एक के बाद एक तीन बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखा दी। विटोरी को आउट करने के बाद अजमल ने नेथन ब्रूम (0) और जैकब ओरम (2) को चलता किया। काइली मिल्स (4) ने भी निराश किया।
अंतिम समय में शेन बांड ने 11 गेंदों पर तेजी से 11 रन बनाकर टीम को सहारा देने का प्रयास किया, लेकिन टिम साउथी (4) का विकेट गिरने के साथ न्यूजीलैंड की पारी सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से अजमल ने चार सफलताएं हासिल कीं, जबकि मोहम्मद आमेर ने दो विकेट झटके। उमर गुल, शाहिद अफरीदी और शोएब मलिक को एक-एक विकेट हासिल हुआ।
तीन मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर चल रही हैं। पाकिस्तान ने पहला मैच छह विकेट से जीता था, लेकिन न्यूजीलैंड ने दूसरे मुकाबले में शानदार जीत हासिल करते हुए सीरीज में बराबरी हासिल कर ली थी।



<< पिछला अगला >>