नागपुर: विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय क्रिकेट टीम को एक पारी और छह रनों से पराजित कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने हाशिम अमला (नाबाद 253) और जैक्स कैलिस (173) के शानदार शतकों की बदौलत अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 558 रनों पर घोषित कर दी थी।
भारतीय टीम वीरेंद्र सहवाग (109) के 18वें शतक के बावजूद अपनी पहली पारी में 233 रन ही बना सकी थी। दूसरी पारी में सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर का 46वां शतक लगाकर फॉलोऑन खेलने को मजबूर भारतीय टीम को मुश्किल से उबारने का प्रयास किया लेकिन मैच के चौथे दिन मंगलवार को उसके सभी बल्लेबाज 319 रनों पर पेवेलियन लौट गए।
दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीकी टीम 1-0 से आगे हो गई है। दूसरा टेस्ट मैच 14 फरवरी से कोलकाता में खेला जाना है।



<< पिछला अगला >>