नई दिल्ली: कैटरीना कैफ फिलवक्त कामयाबी के घोड़े पर सवार हैं। वे जिस चीज को छू देती हैं, वो सोना बन जाती है। उनकी लोकप्रियता और सफलता का फायदा हर कोई उठाना चाहता है। वे भी लोगों को निराश नहीं करना चाहती। और, इस बार तो मामला छोटे-छोटे प्यारे-प्यारे बच्चों का है।
जी हां, सारेगामा ने एक नई बच्चों के लिए एक नया एलबम जारी किया है, जिसकी खासियत है कि कैटरीना भी इसमें दिखाई देंगी। इस एलबम में नर्सरी कक्षा की अंग्रेजी कविताएं गुनगुनाई गई हैं। कविताओं के संगीत पर ऑस्कर व ग्रेमी पुरस्कार विजेता ए. आर. रहमान की छाप भी होगी।
सारेगामा के ऑडियो-विजुअल मीडिया की महाप्रबंधक बी. आर. विजयलक्ष्मी का कहना है कि बच्चों के लिए कविताओं को सीखना मजेदार बनाने की दृष्टि से यह एलबम निकाली गई है। विजयलक्ष्मी ने कहा कि कविताओं के जरिए बच्चे भाषा और लय को समझते हैं और इस एलबम से उन्हें भाषा को समझने और अलग-अलग कविताओं की अलग-अलग लयों को पहचानने में मदद मिलेगी।
इस एलबम को ‘सनफीस्ट ड्रीम क्रीम राइम्सकूल’ नाम दिया गया है। विभिन्न म्यूजिक स्टोर्स पर मार्च से यह एलबम मिलने लगेगी। कैटरीना इस एलबम का प्रचार करेंगी, जबकि संगीतकार रहमान की देखरेख में एलबम का संगीत तैयार हुआ है।
विजयलक्ष्मी ने बताया कि एलबम में कैटरीना बच्चों के साथ कविताएं गुनगुनाती दिखेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच कैटरीना बेहद प्रसिद्ध हैं और वह ज्यादा बच्चों को आकर्षित कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि एलबम का संगीत रहमान की देखरेख में तैयार हुआ है। रहमान द्वारा स्थापित ‘केएम म्यूजिक कंजरवेटरी कॉलेज’ के छात्रों ने अपने गुरु रहमान की देखरेख में इन कविताओं का संगीत बनाया है।




<< पिछला अगला >>